मुजफ्फरपुर: कांटी विधानसभा क्षेत्र के मनीफुलकहां में शनिवार को विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने विद्युत समस्याओं के समाधान को लेकर जनता दरबार लगाया। इसमें विभिन्न वार्डों से पहुंचे बिजली उपभोक्ताओं ने बिजली आपूर्ति, जर्जर तारों और ट्रांसफार्मरों की क्षमता से जुड़ी समस्याएं उठाईं। विधायक ने मौके पर मौजूद विद्युत विभाग के अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित समाधान का निर्देश दिया।

जनता दरबार में ग्रामीणों ने बताया कि मनीफुलकहां के कई वार्डों में पिछले करीब 10 वर्षों से एलटी केबल जर्जर स्थिति में हैं। कई जगहों पर आज भी बांस-बल्ले के सहारे बिजली के तार लगाए गए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों के कारण भी लोगों को बिजली आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनने के बाद विधायक ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता सत्यपाल और कनीय अभियंता राजीव कुमार को जर्जर एलटी केबल एवं पुराने तारों को बदलने का निर्देश दिया। उन्होंने जरूरत के अनुसार ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के लिए डीपीआर तैयार करने को भी कहा, ताकि बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुरक्षित और बेहतर बनाया जा सके।

विधायक ने मुशहर और रविदास बस्ती में बिजली आपूर्ति की समस्या दूर करने के लिए अलग-अलग 100 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया। जनता दरबार के दौरान कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल में हुई गड़बड़ियों को भी सुधारा गया। ई. अजीत कुमार ने अधिकारियों से कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें। उन्होंने सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर नियमित निगरानी और आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया। जनता दरबार में स्थानीय मुखिया ज्ञान कौशिक, सुनील कुमार सिंह, सुरेश राम, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि पप्पू तिवारी, सुधीर कुमार राम, प्रमोद राम, बालेंद्र राम, नरेश राम, गजेश राम, देवेंद्र राम, सरिता देवी, महेश मांझी, पवन मांझी, उपेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, पंचायत समिति सदस्य राहुल कुमार, विजय मिश्रा सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।