मुजफ्फरपुर: प्रथम बिहार स्टेट गेम्स 2026 (बिहार खेल महाकुंभ) में मुजफ्फरपुर के प्रतिभाशाली निशानेबाज एवं स्वराज शूटिंग अकादमी के खिलाड़ी स्वराज भारद्वाज का चयन हुआ है। इस प्रतिष्ठित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में वह मुजफ्फरपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। खास बात यह है कि मुजफ्फरपुर शहर से इस प्रतियोगिता के लिए चयनित होने वाले स्वराज एकमात्र निशानेबाज हैं।

बिहार स्टेट गेम्स 2026 का आयोजन 2 दिसंबर से 10 दिसंबर तक पटना एवं राजगीर में किया जाएगा, जबकि कुछ खेल स्पर्धाएं 1 दिसंबर से ही शुरू होंगी। इस खेल महाकुंभ में बिहार के सभी 38 जिलों से लगभग 5,500 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी 24 खेल विधाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। शूटिंग स्पर्धा के तहत 18 इवेंट्स का आयोजन 3 दिसंबर 2026 को निर्धारित है। शूटिंग प्रतियोगिताएं पटना के बिक्रम, नालंदा के कल्याण बिगहा और राजगीर स्थित खेल परिसर में आयोजित की जाएंगी। स्वराज भारद्वाज के चयन पर उनके कोच अमित घनशेला ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वराज का चयन निरंतर अभ्यास, लगन, अनुशासन और अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वराज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करेंगे और स्वराज शूटिंग अकादमी के साथ मुजफ्फरपुर जिले का गौरव बढ़ाएंगे।

स्वराज के चयन की जानकारी बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन एवं बिहार स्टेट शूटिंग टीम के कोच कौशल नागौरिया ने साझा की। उन्होंने भी इस उपलब्धि पर स्वराज को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह प्रतियोगिता में अपने कौशल और प्रतिभा के दम पर मुजफ्फरपुर एवं बिहार का नाम रोशन करेंगे। स्वराज भारद्वाज के चयन से मुजफ्फरपुर के खेल जगत, खेलप्रेमियों और शूटिंग से जुड़े खिलाड़ियों के बीच उत्साह का माहौल है। स्वराज शूटिंग अकादमी एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के प्रबंधन ने भी विश्वास व्यक्त किया कि स्वराज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल करेंगे और जिले का गौरव बढ़ाएंगे। प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि वह भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर मुजफ्फरपुर और बिहार को गौरवान्वित करेंगे। इस उपलब्धि पर स्वराज शूटिंग अकादमी एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के सदस्य उज्ज्वल कुमार, चंदा कुमारी, ऋषु आर्या, अमर सिंह, राजन कुमार, धीरेंद्र भारद्वाज, अरिंजय राज सिंह, सूरज कुमार एवं अनिरुद्ध सिंह ने स्वराज भारद्वाज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी सदस्यों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता में पदक जीतने की उम्मीद जताई।