पटना: बच्चों के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सही स्कूल का चयन करने में अभिभावकों की मदद के उद्देश्य से प्रीमियर स्कूल्स एग्जीबिशन (पीएसई) का आयोजन 28 और 29 नवंबर को पटना के लेमन ट्री प्रीमियर होटल में किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव हर्षवर्धन सिंह ने किया। प्रदर्शनी सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें देश के 35 से अधिक प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूल हिस्सा ले रहे हैं।
इस प्रदर्शनी के माध्यम से बिहार और आसपास के राज्यों के अभिभावकों को देश के विभिन्न हिस्सों में संचालित प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूलों के बारे में एक ही मंच पर जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसमें पारंपरिक प्रतिष्ठित विद्यालयों के साथ आधुनिक सुविधाओं से युक्त संस्थान, इंटरनेशनल स्कूल तथा अंतरराष्ट्रीय पाठ्यक्रम उपलब्ध कराने वाले स्कूल भी शामिल हैं। इससे अभिभावकों को विभिन्न विद्यालयों की तुलना करने और अपने बच्चों की रुचि, क्षमता एवं जरूरत के अनुसार बेहतर विकल्प चुनने में सहूलियत होगी। प्रदर्शनी की विशेषता यह है कि अभिभावक स्कूलों के प्रमुख, प्रिंसिपल और वरिष्ठ प्रवेश अधिकारियों से सीधे बातचीत कर सकेंगे। इस दौरान विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, हॉस्टल सुविधाएं, बच्चों की सुरक्षा एवं देखभाल, खेलकूद, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, नेतृत्व विकास और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी हासिल की जा सकेगी। प्रदर्शनी में श्रीयूसबरी इंटरनेशनल स्कूल इंडिया और यूनिसन वर्ल्ड स्कूल सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों की भागीदारी होगी।
आयोजकों के अनुसार, बोर्डिंग स्कूल बच्चों को अकादमिक शिक्षा के साथ अनुशासन, आत्मनिर्भरता, जिम्मेदारी, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। आवासीय वातावरण में बच्चे दैनिक जीवन के कार्यों को स्वयं करना, समय प्रबंधन और सामूहिक जीवन के तौर-तरीके सीखते हैं, जो उनके व्यक्तित्व के समग्र विकास में सहायक हो सकते हैं। प्रदर्शनी के जरिए अभिभावक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पाठ्यक्रम, शिक्षण पद्धति, स्कूल के वातावरण और उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। आयोजन का उद्देश्य स्कूल चयन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराना तथा बच्चों की रुचि, क्षमता और भविष्य के लक्ष्यों के अनुरूप उपयुक्त शैक्षणिक संस्थान चुनने में अभिभावकों की मदद करना है। बिहार में बोर्डिंग शिक्षा को लेकर बढ़ती रुचि के बीच यह प्रदर्शनी अभिभावकों के लिए उपयोगी मंच के रूप में देखी जा रही है।
















