मुजफ्फरपुर : जिले के सुतापट्टी स्थित वनवासी कल्याण आश्रम के प्रांतीय कार्यालय में आज जनजाति गौरव दिवस के मौके पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन को याद करते हुए मनाया गया। जिसे भारत सरकार ने जनजाति गौरव दिवस के रूप में घोषित किया है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रांतीय कोषाध्यक्ष श्याम सुन्दर भरतीया, मंत्री आलोक कुमार, महानगर उपाध्यक्ष शक्तिधर शर्मा, महिला अध्यक्ष उर्मिला बंका, सचिव मंजू शर्मा और मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष अर्चना बंका उपस्थित थे। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा छात्रावास के विद्यार्थियों ने आकर्षक गीत प्रस्तुत किए और जनजाति समाज के महापुरुषों के योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में सभी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षों और भारत की स्वतंत्रता में जनजाति महापुरुषों की महत्वपूर्ण भूमिका को श्रद्धांजलि दी। विशेष रूप से मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष अर्चना बंका ने इस अवसर पर एक छात्र के पालक बनने का संकल्प लिया और कहा कि वह वर्ष भर उस छात्र का समस्त व्यय वहन करेंगी।

यह आयोजन जनजाति समुदाय की सामाजिक और सांस्कृतिक धरोहर को सम्मानित करने के साथ-साथ उनके उत्थान के लिए निरंतर प्रयासों को भी बढ़ावा देने का संदेश देता है।