प्रेम प्रसंग के कारण विवाहिता ने की आत्महत्या
- Post By Admin on Dec 21 2024

समस्तीपुर : जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर गांव में एक विवाहिता ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान राज किशोर शाह की पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रियंका को इंस्टाग्राम पर एक लड़के से प्यार हो गया था और वह उससे फोन पर बात करती थी। जब प्रियंका के पति को इस संबंध में जानकारी मिली, तो उन्होंने पत्नी को डांटते हुए कहा था, "संभल जाओ," लेकिन प्रियंका इस बात से नाराज हो गई और सुबह उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्रियंका तीन बच्चों की मां थी और सोशल मीडिया पर बहुत सक्रिय रहती थी। उसके पति और पत्नी के बीच इस प्रेम प्रसंग को लेकर अक्सर विवाद होते थे। परिजनों के अनुसार, प्रियंका की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी और पिछले दो-तीन महीनों से वह इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय हो गई थी। एक रात पति-पत्नी के बीच प्रेमी से बात करने को लेकर झगड़ा हुआ था जिसके बाद दोनों सोने चले गए। सुबह जब प्रियंका के पति की नींद खुली तो वह प्रियंका को दूसरे कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया।
मृतका के पति के बड़े भाई ने बताया कि दो-तीन दिन पहले प्रियंका और उसके पति में झगड़ा हुआ था जिसके बाद प्रियंका के मायके वालों को सूचित किया गया था। वे यहां आए और प्रियंका को समझाने की कोशिश की लेकिन प्रियंका ने साफ कहा था कि वह एक लड़के से प्यार करती है।
पुलिस ने मृतका के मोबाइल को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सदर डीएसपी-2 विजय महतो ने कहा कि प्रेम प्रसंग के कारण आत्महत्या की घटना सामने आई है। फिलहाल अभी तक किसी तरह का आवेदन नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।