सेवा संकल्प अभियान: लखीसराय सदर अस्पताल में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने स्वच्छता के लिए किया श्रमदान
- Post By Admin on Oct 02 2026
लखीसराय : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में लखीसराय के जिला अस्पताल प्रांगण में 'सेवा संकल्प अभियान, 2026' का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के तहत मुंगेर सांसद सह केंद्रीय पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने स्वच्छता के लिए स्वयं श्रमदान किया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अस्पताल परिसर में झाड़ू लगाकर और कचरा उठाकर आमजन व स्वास्थ्यकर्मियों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर की साफ-सफाई न केवल बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी है, बल्कि यह मरीजों को एक सकारात्मक और स्वस्थ वातावरण प्रदान करती है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने और नियमित रूप से स्वच्छता श्रमदान में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी (डीएम), उप विकास आयुक्त (डीडीसी), सिविल सर्जन तथा जिला अस्पताल के उपाधीक्षक सहित जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे के कई प्रमुख अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मंत्री महोदय के साथ परिसर की सफाई में योगदान देकर स्वच्छता का संकल्प दोहराया।