भाकपा जिला कार्यालय में गांधी-शास्त्री जयंती पर परिचर्चा, लोकतंत्र की रक्षा पर मंथन

  • Post By Admin on Oct 02 2026
भाकपा जिला कार्यालय में गांधी-शास्त्री जयंती पर परिचर्चा, लोकतंत्र की रक्षा पर मंथन

लखीसराय : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के जिला कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भाकपा राज्य परिषद सदस्य जितेंद्र कुमार, एआईवाईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रौशन कुमार सिन्हा और पार्टी के जिला कार्यकारिणी सदस्य सह वरीय अधिवक्ता रजनीश कुमार समेत अन्य नेताओं द्वारा महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके उपरांत जिला कार्यकारिणी सदस्य अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में "आज के भारत में महात्मा गांधी के विचारों की प्रासंगिकता" विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि वर्तमान दौर में गांधीजी के सत्य, अहिंसा, सामाजिक सद्भाव और धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांत सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वाली ताकतों के खिलाफ सबसे बड़ा संबल हैं। नेताओं ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश में ऐसा विरोधाभास देखने को मिल रहा है जहां एक तरफ बापू की प्रतिमा पर फूल चढ़ाए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे का महिमामंडन किया जाता है। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में लोकतांत्रिक व संवैधानिक मूल्यों की हिफाजत के लिए गांधीवादी विचारों को जन-जन तक ले जाना बेहद जरूरी हो गया है।

सभा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर भी गंभीर चर्चा की गई। भाकपा नेताओं ने दोहराया कि पार्टी संविधान, नागरिक अधिकारों और लोकतंत्र की बहाली के लिए व्यापक जनभागीदारी के साथ अपना संघर्ष जारी रखेगी। इस अवसर पर कॉमरेड विश्वरंजन, ओम प्रकाश मंडल, श्रीराम भगत, प्रमोद दास, सुधीर बरैई और तूफानी साव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।