भक्ति और संस्कृति का संगम: लखीसराय में तीन दिवसीय गरबा-डांडिया महोत्सव का आयोजन
- Post By Admin on Oct 13 2026
लखीसराय : श्री श्री 108 श्री जगजननी दुर्गा समिति, पुरानी बाजार स्थित छोटी दुर्गा स्थान के प्रांगण में बुधवार, 14 अक्टूबर से तीन दिवसीय भव्य गरबा डांडिया महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 14 से 16 अक्टूबर तक चलने वाले इस महोत्सव की शुरुआत रोजाना संध्या 7:00 बजे से होगी। कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा समिति के अध्यक्ष बासुकीनाथ एवं सचिव सुरेश डोलिया की देखरेख में तैयार की गई है। महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल है।
समिति के सचिव सुरेश डोलिया ने बताया कि नवरात्र के पावन अवसर पर छोटी दुर्गा मंदिर में मंगल महाआरती के दौरान 251 किलो दूध से तैयार खीर का विशेष महाभोग माता के चरणों में अर्पित किया गया, जिसे बाद में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। तीन दिवसीय इस आयोजन के पहले दिन बच्चियों द्वारा मनमोहक डांडिया नृत्य की विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। बच्चों को डांडिया नृत्य में पारंगत करने के लिए कोरियोग्राफर रवि कुमार द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिनके निर्देशन में बच्चे अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन की सफलता को लेकर मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना जताई जा रही है। महोत्सव के सुचारू संचालन में पूजा समिति के उपाध्यक्ष राजनीतिक प्रसाद गुप्ता, संयुक्त मंत्री पिंटू गुप्ता, अरविंद सोनी सहित कृष्ण मुरारी वर्मा, बंटी डालमिया, विवेक छाबड़िया, संजीव सोनी, दानी कुमार, अरविंद गुप्ता, डिंपू, अंशु, प्रियांशु और सैकड़ों कार्यकर्ता सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। समिति के पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर डांडिया महोत्सव का आनंद लेने की अपील की है।