लखीसराय : नशामुक्ति दिवस के अवसर पर गुरुवार को लखीसराय में विद्यार्थियों ने प्रभातफेरी निकालकर लोगों को शराब और अन्य मादक पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। समाहरणालय परिसर से जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर प्रभातफेरी को रवाना किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नारों के माध्यम से नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।

प्रभातफेरी में शामिल विद्यार्थियों ने ‘हम सबने ठाना है, लखीसराय को नशामुक्त बनाना है’ जैसे नारों के साथ लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों तक मद्य निषेध और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना था।प्रभातफेरी के माध्यम से जिले में नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण के लिए लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल असर डालता है। नशामुक्त समाज का निर्माण सामूहिक सहभागिता और जनजागरूकता से ही संभव है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, नगर परिषद लखीसराय के कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात रंजन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।