मुजफ्फरपुर : डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर समारोहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) मनोज कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय संविधान के महत्व, संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान तथा नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. ज्ञान प्रकाश ने संविधान के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इसकी महत्ता से अवगत कराया। उन्होंने बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान और संविधान में निहित नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक रहने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों को समझने के लिए प्रेरित किया।

मंच पर उपस्थित डॉ. अशोक कुमार शाह और डॉ. रंजीत कुमार ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने संविधान के आदर्शों और मूल्यों को समझने तथा उन्हें अपने जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अनामिका ने किया। इस अवसर पर डॉ. शीला कुमारी, डॉ. अबूजर अली, डॉ. रश्मि रेखा, डॉ. किरण, डॉ. इकबाल अहमद खान, डॉ. दिनकर, डॉ. संजय कुमार और डॉ. तरुण कुमार सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक तथा एनएसएस के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।