मुजफ्फरपुर : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कुमारी सरोज ने की। संगोष्ठी में भारतीय संविधान के मूल तत्वों, उसके विकास, उद्देश्यों, व्यावहारिक पक्ष और मौजूदा चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. कुमारी सरोज ने संविधान दिवस की महत्ता और भारतीय संविधान के आधारभूत तत्वों पर प्रकाश डाला। उन्होंने संविधान सभा में डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान चाहे जैसा भी हो, उसका सफल और सकारात्मक क्रियान्वयन अंततः हम सभी की जिम्मेदारी है। संविधान की सार्थकता उसके आदर्शों को व्यवहार में उतारने से ही सुनिश्चित होती है।

संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. (डॉ.) बिपिन कुमार राय और इतिहास विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो. (डॉ.) पंकज कुमार राय ने विशिष्ट वक्ता के रूप में विचार रखे। प्रो. बिपिन कुमार राय ने भारतीय संविधान के विकास, उसके उद्देश्यों और संविधान सभा की कार्यवाहियों पर तथ्यपरक जानकारी दी। वहीं, प्रो. पंकज कुमार राय ने संविधान के व्यावहारिक पक्ष और उसके सामने मौजूद चुनौतियों की चर्चा की।

इतिहास विभाग के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संजय सुमन ने कहा कि यह गर्व की बात है कि अनेक विविधताओं के बावजूद भारतीय संविधान ने देश को एक राष्ट्र के रूप में एकजुट बनाए रखा है। लंगट सिंह महाविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. राजेश अनुपम ने भारतीय संविधान की विधिक विशेषताओं पर अपने विचार व्यक्त किए।

राजनीति विज्ञान विभाग की प्राध्यापक डॉ. भारती सेहता और डॉ. दिलीप कुमार ने संविधान की विशिष्टताओं और महत्वपूर्ण उपबंधों पर चर्चा की। डॉ. कृष्णमोहन कुमार दुबे ने संविधान की प्रस्तावना का परिचय देते हुए उसका पाठ प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. देवेन्द्र प्रताप तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रक्षा सिंह ने किया। संगोष्ठी में शोधार्थियों और छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार साझा किए। आयोजन को सफल बनाने में विभाग के कर्मचारी उमाशंकर, कुणाल कुमार, रमेश और बेबी कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।