जर्जर सड़क और पेयजल संकट पर जनवादी संघर्ष मोर्चा का हस्तक्षेप, नगर निगम से की त्वरित कार्यवाही की मांग

  • Post By Admin on Feb 03 2026
जर्जर सड़क और पेयजल संकट पर जनवादी संघर्ष मोर्चा का हस्तक्षेप, नगर निगम से की त्वरित कार्यवाही की मांग

मुजफ्फरपुर : नगर क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को लेकर जनवादी संघर्ष मोर्चा बिहार ने नगर निगम के जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। संगठन के जिला प्रभारी मोहम्मद इश्तेयाक ने बीते सप्ताह दो अलग-अलग पत्र के माध्यम से दीवान रोड की जर्जर स्थिति और वार्ड 24 में पेयजल संकट का मुद्दा उठाया है।

पत्र में बताया गया है कि दीवान रोड बीते कई वर्षों से टूट-फूट और गड्ढों की समस्या से जूझ रही है। सड़क की बदहाली के कारण आम राहगीरों, स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर बरसात के मौसम में सड़क पर जलजमाव की स्थिति बन जाती है, जिससे आवागमन लगभग बाधित हो जाता है। इश्तेयाक ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि बगल की क्लब रोड का निर्माण MSCL परियोजना के तहत हो जाने से दीवान रोड अपेक्षाकृत और नीचे हो गई है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है।

वहीं दूसरी ओर शहरी वार्ड संख्या 24 के जकी हसन कैंपस (कॉलोनी) में “हर घर नल का जल” योजना के बावजूद पानी की आपूर्ति बेहद कमजोर बताई गई है। कॉलोनी में करीब 110 परिवार निवास करते हैं, लेकिन कम दबाव (लो प्रेशर) के कारण अंतिम छोर पर बसे परिवारों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। पत्र के अनुसार, मौजूदा पंप कॉलोनी से लगभग 350 मीटर दूर दूसरे मुहल्ले में स्थित है, जो जल आपूर्ति में बड़ी बाधा बन रहा है।

इन दोनों जनसमस्याओं को लेकर मोहम्मद इश्तेयाक ने एक पत्र एमएलसी सह पदेन सदस्य नगर निगम बोर्ड बंशीधर ब्रजवासी को तथा दूसरा पत्र महापौर निर्मला देवी को सौंपा है। उन्होंने दीवान रोड के शीघ्र कालीकरण (ब्लैकटॉपिंग व बिटुमिनस सरफेसिंग) और जकी हसन कैंपस कॉलोनी में एक समरसेवल पंप की अनुशंसा/निर्देशन की मांग की है।

जनवादी संघर्ष मोर्चा ने उम्मीद जताई है कि नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधि जनहित को प्राथमिकता देते हुए जल्द कार्यवाही करेंगे, ताकि स्थानीय लोगों को सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से राहत मिल सके।