पटना : शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में इनर व्हील क्लब ऑफ पटना की ओर से बंदर बगीचा स्थित ‘यो चाइना’ में 'डांडिया धमाल' का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। इस उत्सव में क्लब की सदस्याओं ने पूरे जोश, उमंग और श्रद्धा भाव के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक और रंग-बिरंगे परिधानों से सजी सदस्याओं ने डांडिया और गरबा की मनमोहक धुनों पर थिरकते हुए नवरात्रि के उल्लास को जीवंत बना दिया। पूरे परिसर में संगीत की लय और डांडिया की खनक के बीच उत्सव का अनुपम माहौल छाया रहा।
समारोह की शुरुआत माँ दुर्गा की विधिवत आराधना और नव दुर्गा के अभिषेक के साथ की गई, जहां भक्ति, संगीत और नृत्य का एक सुंदर संगम देखने को मिला। उपस्थित सभी लोगों ने माँ भगवती की स्तुति कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस पावन अवसर पर महिलाओं ने समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द, सकारात्मकता और अटूट एकता का संदेश भी प्रसारित किया।भक्तिमय वातावरण और उत्साह से भरपूर यह गरिमामयी आयोजन सभी उपस्थित सदस्यों के लिए अत्यंत सुखद और यादगार बन गया।




















