उद्यमी संवाद से औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति : डीएम
- Post By Admin on Dec 22 2025
लखीसराय : जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय के तत्वावधान में सोमवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में उद्योग विभाग द्वारा उद्यमी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न औद्योगिक इकाइयों से जुड़े उद्यमियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में औद्योगिक विकास को गति देना तथा इसके माध्यम से रोजगार सृजन के अवसर बढ़ाना रहा। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार का स्पष्ट विजन शहरीकरण, औद्योगीकरण और रोजगार सृजन है। यदि गांव स्तर पर योजनाबद्ध विकास के साथ औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, तो स्थानीय लोगों को अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। इससे पलायन रुकेगा और लोग अपने परिवार के साथ बेहतर जीवन व्यतीत कर सकेंगे।
उद्यमी संवाद के दौरान उद्यमियों ने उद्योग स्थापना, वित्तीय सहायता, बैंक ऋण, आधारभूत संरचना, विद्युत आपूर्ति, परिवहन, भूमि उपलब्धता, विपणन और विभागीय समन्वय से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव रखे। जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त फीडबैक के आधार पर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने यह भी घोषणा की कि जिले के उद्यमियों के साथ प्रत्येक सप्ताह एक दिन नियमित बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि संवाद की प्रक्रिया सतत बनी रहे। इन बैठकों के माध्यम से प्राप्त सुझावों पर मंथन कर व्यावहारिक समाधान निकालकर उन्हें धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन उद्यमियों को सहयोगी मानता है और जिले के औद्योगिक विकास में उनकी भूमिका अहम है।
जिलाधिकारी ने सरकार के व्यापक लक्ष्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि “दोगुना रोजगार, दोगुनी आय, समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार, कृषि में प्रगति और देश की उन्नति” सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए जिला प्रशासन उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैठक में वरीय उप समाहर्ता श्री शशि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, वरीय कोषागार पदाधिकारी श्री रमेश कुमार सुमन, जिला गव्य विकास पदाधिकारी श्री अजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुश्री प्राची कुमारी, जिला योजना पदाधिकारी श्री आशुतोष कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।