इंद्रधनुष 2024 सांस्कृतिक महोत्सव का शानदार समापन

  • Post By Admin on Nov 25 2024
इंद्रधनुष 2024 सांस्कृतिक महोत्सव का शानदार समापन

पटना : 22 से 24 नवम्बर, 2024 तक स्थानीय प्रेमचंद रंगशाला, राजेंद्र नगर पटना में तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव "इंद्रधनुष 2024" का आयोजन किया गया। इस महोत्सव का आयोजन पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र कोलकाता, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज और कला संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस महोत्सव में हरियाणा, राजस्थान, उड़ीसा, असम, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के लोक गीतों और लोक नृत्यों की प्रस्तुतियाँ दी गई। इसके अलावा, हस्तशिल्प मेला, खान-पान मेला, पारंपरिक पहनावा प्रदर्शन, चित्रकला कार्यशाला और रंगोली प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान दिलाना था। महोत्सव में लगभग 400 लोक कलाकारों और 40 शिल्पकारों ने भाग लिया।

24 नवम्बर, 2024 को उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। मुख्य मंच पर सबेरा कला केंद्र द्वारा सभी राज्यों के कलाकारों द्वारा समवेत नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसका निर्देशन राजीव कुमार रॉय ने किया। इसके बाद बिहार के लोकगीतों की प्रस्तुति और असम के राजीव कलिता के दल द्वारा बिहू नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसमें विभिन्न कलाकारों ने भाग लिया।

इसके बाद मध्य प्रदेश की निधि चौरसिया के दल ने बधाई लोक नृत्य प्रस्तुत किया। सभी कलाकारों ने मंच पर पारंपरिक परिधानों का प्रदर्शन किया। इसके बाद बिहार के लोकनृत्य सामा चकेवा और उत्तर प्रदेश के दल ने लोक नृत्य प्रस्तुत किया। राजस्थान की अंजना कुमावत के दल ने घूमर नृत्य पेश किया, जिसमें कई कलाकार शामिल थे।

हरियाणा के कामिल के दल ने फाग नृत्य प्रस्तुत किया और उड़ीसा के अरुण कुमार सुना के दल ने एकतारा कला केंद्र द्वारा चुटकुचुटा और रंगबाती की प्रस्तुति दी।

मीडिया कोऑर्डिनेटर मनीष महिवाल ने मीडिया के साथियों का आभार व्यक्त किया। अंत में, पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता के उप निदेशक तापस सामंतराय ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए इस वर्ष के इंद्रधनुष कार्यक्रम का समापन किया।