जिले में गैस की स्थिति सामान्य, अफवाहों से बचने की अपील

  • Post By Admin on Apr 25 2026
जिले में गैस की स्थिति सामान्य, अफवाहों से बचने की अपील

लखीसराय : मध्य-पूर्व में जारी युद्ध के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच लखीसराय जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। संभावित भीड़ और कालाबाजारी को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा कई अहम कदम उठाए गए हैं।

जिला प्रशासन ने सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष की संयुक्त टीम गठित की है, जो लगातार निगरानी रखेगी और किसी भी तरह की कालाबाजारी पर रोक लगाएगी। साथ ही सभी आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे नियमित भ्रमण कर स्थिति की समीक्षा करें और गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। प्रशासन ने एलपीजी गैस वितरकों को सख्त निर्देश दिया है कि वे किसी भी कीमत पर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या जमाखोरी न करें। उल्लंघन पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

आम लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए समाहरणालय लखीसराय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 06346-232952 जारी किया गया है।जिले में गैस आपूर्ति की स्थिति सामान्य बताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, लखीसराय में कुल 16 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और वर्तमान में 3569 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी की अध्यक्षता में गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें इंडियन ऑयल और भारत गैस एजेंसियों को जरूरत के अनुसार सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

नगर परिषद क्षेत्र में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। जिन उपभोक्ताओं ने अब तक PNG कनेक्शन नहीं लिया है, उन्हें इसके लिए संपर्क करने की सलाह दी गई है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं।

प्रवासी मजदूरों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने 5 किलोग्राम फ्री-ट्रेड एलपीजी सिलेंडर (FTL) की व्यवस्था भी की है, जिससे जरूरतमंदों को राहत मिल सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं।

साथ ही, उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों के भीतर ही नया बुकिंग कराया जा सकेगा और बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।