पश्चिम बंगाल में पीडीएस घोटाले पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, 9 ठिकानों पर छापेमारी

  • Post By Admin on Apr 25 2026
पश्चिम बंगाल में पीडीएस घोटाले पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, 9 ठिकानों पर छापेमारी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बीच सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े कथित राशन घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के कई इलाकों में छापेमारी की है। एजेंसी ने कोलकाता सहित कुल 9 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे।

ईडी की कोलकाता जोनल टीम ने यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की। छापेमारी कोलकाता, बर्धमान और हाबड़ा क्षेत्रों में की गई, जहां मुख्य रूप से राशन आपूर्ति से जुड़े कारोबारी, सप्लायर्स और एक्सपोर्टर्स के ठिकानों को निशाना बनाया गया।

हाबड़ा में तीन चावल कारोबारियों—सागर साहा, पार्थ साहा और राजीव साहा—के घरों पर भी छापेमारी की गई। इनमें सागर साहा का आवास श्रीनगर इलाके में, जबकि पार्थ साहा और राजीव साहा का घर देशबंधु पार्क के पास सुभाष रोड पर बताया गया है। इसके अलावा, निरंजन चंद्र साहा और उससे जुड़े सप्लायर्स के परिसरों को भी जांच के दायरे में लिया गया।

ईडी के अनुसार, यह मामला अक्टूबर 2020 में दर्ज एक शिकायत से जुड़ा है, जिसे घोड़ाडांगा लैंड कस्टम स्टेशन पर तैनात एक डिप्टी कमिश्नर ने बशीरहाट पुलिस में दर्ज कराया था। आरोप है कि सरकारी गेहूं को आपूर्तिकर्ताओं, लाइसेंसधारी डीलरों और बिचौलियों की मिलीभगत से गायब कर अवैध रूप से गोदामों में जमा किया गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि गेहूं को भारतीय खाद्य निगम (FCI) के मूल बोरों से निकालकर नए बोरों में भरा जाता था और फिर उसे खुले बाजार में वैध माल बताकर बेचा जाता था। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।