बिहार स्टेट मुआय थाई चैम्पियनशिप में लखीसराय का दबदबा, 9 खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक

  • Post By Admin on Apr 25 2026
बिहार स्टेट मुआय थाई चैम्पियनशिप में लखीसराय का दबदबा, 9 खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक

लखीसराय : भागलपुर के खेल भवन में आयोजित तीसरे बिहार राज्य मुआय थाई चैम्पियनशिप 2026 में लखीसराय जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। प्रतियोगिता में जिले के कुल 9 खिलाड़ियों ने भाग लिया और सभी ने अपने-अपने वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया।

स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में सुमित कुमार (एलीट वर्ग), वैभव सिंह और रवि कुमार (सीनियर वर्ग), सागर कुमार, गोपाल सिंह, ऋषभ कुमार और अनमोल कुमार (जूनियर वर्ग) तथा आशीष कुमार और अभिराज कुमार (सब-जूनियर वर्ग) शामिल हैं।

राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मुकाबले आधुनिक नियमों के तहत अलग-अलग आयु और भार वर्ग में आयोजित किए गए। मुआय थाई, जिसे “आर्ट ऑफ एट लिम्ब्स” भी कहा जाता है, एक पारंपरिक मार्शल आर्ट है, जिसमें मुक्के, कोहनी, घुटने और पैरों का उपयोग किया जाता है।

जिला कला एवं संस्कृति सह खेल पदाधिकारी मृणाल रंजन ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सही प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलने पर यहां के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं।

जिला प्रशासन ने सभी विजेता खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही उम्मीद जताई गई है कि ये खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।