कुरीतियों के खात्मे और हरित पंचायत का आह्वान, हलसी में ग्राम सभा के बीच गूंजा बापू का संदेश
- Post By Admin on Oct 02 2026
लखीसराय : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में लखीसराय जिले के हलसी प्रखंड अंतर्गत कैन्दी पंचायत में विशेष ग्राम सभा, शपथ ग्रहण, वृक्षारोपण और बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी लखीसराय और उप विकास आयुक्त के कुशल निर्देशन में यह पूरा आयोजन संपन्न हुआ।
आयोजन के दौरान जिला पदाधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नशामुक्ति, बाल विवाह उन्मूलन, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने ग्रामीणों से कुरीतियों को मिटाकर एक स्वस्थ, स्वच्छ और समरस समाज के निर्माण में आगे आने की अपील की।
पर्यावरण संरक्षण और 'हरित पंचायत' की परिकल्पना को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से पंचायत परिसर एवं चिन्हित स्थलों पर सघन वृक्षारोपण किया गया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का भी आग्रह किया।
प्रशासनिक संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए जिला प्रशासन ने बल्लोपुर पंचायत के वार्ड संख्या 9 स्थित चौरी गांव की महादलित महिलाओं द्वारा की गई नल-जल योजना की शिकायत का तुरंत निराकरण कराया। एक दिन पूर्व आई इस शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आज बाधित जलापूर्ति को पूरी तरह बहाल करा दिया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत के सर्वांगीण विकास को लेकर एक विशेष समन्वयात्मक बैठक भी हुई, जिसमें ग्रामीण आवश्यकताओं, मूलभूत सुविधाओं और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर बिंदुवार चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने सीधे ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अपर जिला पंचायत राज पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी हलसी विकास कुमार समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने गांधी जी के जनभागीदारी, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के आदर्शों पर चलकर पंचायत के विकास का सामूहिक संकल्प लिया।