बुजुर्ग व गंभीर रूप से बीमार बंदियों के लिए निःशुल्क विधिक सेवा अभियान शुरू

  • Post By Admin on Dec 19 2024
बुजुर्ग व गंभीर रूप से बीमार बंदियों के लिए निःशुल्क विधिक सेवा अभियान शुरू

दरभंगा : बुजुर्ग बंदियों और गंभीर रूप से बीमार बंदियों को निःशुल्क विधिक सेवा उपलब्ध कराने के लिए नालसा द्वारा विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस पहल के तहत बंदियों को न्यायालय से जमानत या रिहाई के लिए आवश्यक मदद प्रदान की जाएगी।

दरभंगा में इस विशेष अभियान का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार तिवारी ने किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रंजन देव के मार्गदर्शन में एक जिला यूनिट का गठन किया गया। जिसका उद्देश्य 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बंदियों तथा गंभीर रूप से बीमार बंदियों को विधिक सहायता प्रदान करना है।

जिला यूनिट के सदस्यों ने बीते बुधवार को दरभंगा मंडल कारा का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने इन बंदियों की स्थिति और उनके लिए उपलब्ध विधिक सेवाओं की समीक्षा की। इस विशेष अभियान के तहत 70 वर्ष से अधिक उम्र के बंदियों और किसी भी उम्र के गंभीर रूप से बीमार बंदियों को निःशुल्क विधिक सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रंजन देव ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य इन बंदियों को संबंधित न्यायालय से जमानत या रिहाई की सुविधा दिलवाना है ताकि उन्हें जेल से रिहा किया जा सके और उनके परिवार को सुपुर्द किया जा सके। इसके बाद यह सुनिश्चित किया जाएगा कि रिहा किए गए बंदियों का उचित देखभाल उनके परिवार के द्वारा किया जाए।

इस अभियान के तहत की गई निरीक्षण प्रक्रिया में डिप्टी चीफ लीगल ऐड वीरेन्द्र कुमार झा, असिस्टेंट लीगल ऐड अंकुर प्रिया और पिंकू कुमार यादव के साथ-साथ मंडल कारा की अधीक्षक स्नेहलता भी उपस्थित थीं।