‘बज्जिका मन-गंध’ का लोकार्पण, सविता राज को ‘शम्भु अगेही शिखर सम्मान 2026’

  • Post By Admin on Aug 25 2026
‘बज्जिका मन-गंध’ का लोकार्पण, सविता राज को ‘शम्भु अगेही शिखर सम्मान 2026’

दरभंगा: हिन्दी समाहार मंच, दरभंगा में साहित्यकार एवं कवयित्री सविता राज द्वारा संपादित पुस्तक ‘बज्जिका मन-गंध’ का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बज्जिका भाषा, साहित्य, संस्कृति और लोकजीवन से जुड़े साहित्यकारों एवं साहित्यप्रेमियों ने हिस्सा लिया।

समारोह के दौरान साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सविता राज को ‘शम्भु अगेही शिखर सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। उन्हें अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं सम्मान-पत्र प्रदान किया गया। उपस्थित साहित्यकारों ने उनके साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में शारदा चरण, चितरंजन सिन्हा ‘कनक’, विनोद कुमार सिन्हा, ज्वाला सांध्यपुष्प, मणिभूषण प्रसाद सिंह, अवशेष त्रिषित एवं प्रेम कुमार वर्मा सहित कई साहित्यकार मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजक अमिताभ कुमार सिन्हा ने कहा कि क्षेत्रीय भाषाओं और साहित्य को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजन साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

‘बज्जिका मन-गंध’ के माध्यम से बज्जिका भाषा के लोकजीवन, संस्कृति, परंपराओं और माटी से जुड़े भावों को साहित्यिक अभिव्यक्ति देने का प्रयास किया गया है। पुस्तक में क्षेत्र की लोकभाषाई एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल की गई है। सविता राज ने कहा कि बज्जिका महज एक भाषा नहीं, बल्कि क्षेत्र की लोकसंस्कृति, परंपरा और जीवन-मूल्यों की पहचान है। उन्होंने कहा कि पुस्तक के माध्यम से बज्जिका के साहित्यिक स्वरूप को व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। समारोह में मौजूद साहित्यकारों ने ‘बज्जिका मन-गंध’ को बज्जिका भाषा एवं साहित्य के लिए महत्वपूर्ण साहित्यिक प्रयास बताया। कार्यक्रम में हिंदी एवं बज्जिका के साहित्यकार एन.के. साहू, सतीश चंद्र भगत, ब्रजेश राणा, संदीप कुमार मिश्रा, ज्योति सिन्हा, रुपम सिन्हा, सुषमा सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।