मुजफ्फरपुर : पूर्व सैनिक संघ के सक्रिय सदस्य और अवकाश प्राप्त सूबेदार मेजर अखिलेश कुमार का आज सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर से मुजफ्फरपुर के पूर्व सैनिक समुदाय और भीखनपुरा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। संघ के सभी सदस्यों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके योगदान को याद किया।

पूर्व सैनिक अखिलेश कुमार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनका पार्थिव शरीर राष्ट्रीय ध्वज से आच्छादित था और पुष्पमालाओं से सजाया गया था। इस दौरान संघ के सैकड़ों पूर्व सैनिकों के साथ स्थानीय लोग भी उनके अंतिम दर्शन के लिए उपस्थित रहे। भीखनपुरा स्थित उनके निवास स्थान से अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें पूर्व सैनिक संघ के सदस्य पूर्ण अनुशासन और सम्मान के साथ शामिल हुए। भावुक माहौल में सबकी आंखें नम थीं, लेकिन गर्व भी था कि अखिलेश कुमार जैसे देशभक्त ने इस धरती पर जन्म लिया।

इस अवसर पर पूर्व सैनिक संघ के शाखा अध्यक्ष अरविंद कुमार, सचिव धीरज रंजन, उपाध्यक्ष नित्यानंद मिश्रा, अरुण कुमार ठाकुर, नितिन कुमार समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर उन्हें अंतिम सलामी दी और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की।