किशलय किशोर को मिला बिहार पुलिस वार्षिक पारितोषिक सम्मान

  • Post By Admin on Apr 11 2025
किशलय किशोर को मिला बिहार पुलिस वार्षिक पारितोषिक सम्मान

जनपक्षीय और सामाजिक कार्यों के लिए मिला सम्मान, डीजीपी की अनुशंसा पर आईजी मुजफ्फरपुर ने किया सम्मानित

हाजीपुर : सामाजिक चेतना और जनपक्षीय कार्यों में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे सराय थाना क्षेत्र के पटेढ़ा निवासी किशलय किशोर को बिहार पुलिस वार्षिक पारितोषिक सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें बिहार पुलिस के महानिदेशक विनय कुमार की अनुशंसा पर आईजी मुजफ्फरपुर रेंज द्वारा आयोजित वार्षिक समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में किशलय किशोर को सामाजिक सौहार्द, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की तत्पर मदद, युवाओं में चेतना जागरूकता, और जनहित से जुड़े अभियानों में उल्लेखनीय सहभागिता के लिए प्रशस्ति पत्र और 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।

डॉ. उमानंद किशोर के पुत्र किशलय किशोर लंबे समय से समाज सेवा, जागरूकता अभियान और युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने वाले अभियानों में सक्रिय रहे हैं। उनके कार्यों को देखते हुए वैशाली पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (लालगंज) और सराय थाना अध्यक्ष द्वारा उनके नाम की अनुशंसा पुलिस मुख्यालय, पटना को भेजी गई थी। इसके बाद डीजीपी विनय कुमार द्वारा इसे स्वीकृति दी गई और किशलय को सम्मानित किया गया।

सम्मान मिलने के बाद अपनी प्रतिक्रिया में किशलय किशोर ने कहा— "इस प्रकार के सम्मान कार्य करने की प्रेरणा और क्षमता को कई गुना बढ़ा देते हैं। यह समाज को भी एक संदेश देता है कि अगर आप निस्वार्थ भाव से समाजहित में काम करते हैं, तो एक दिन आपको जरूर पहचान और सम्मान मिलेगा।" किशलय किशोर को मिले इस सम्मान पर जिलेभर में हर्ष का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।