खाद्य सुरक्षा मिशन टीम का दौरा, किसानों को दी नई तकनीकों की जानकारी
- Post By Admin on Jan 25 2025

लखीसराय : कृषि विभाग से संबद्ध चावल विकास निदेशालय के राज्य निदेशक डॉ. मान सिंह और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के राज्य तकनीकी सहायक सूरज सिंह ने अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने खेती से जुड़ी योजनाओं का मॉनिटरिंग और समीक्षा की तथा किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी।
दौरे के दौरान केंद्र प्रायोजित खाद्य एवं पोषण सुरक्षा योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया गया। टीम ने योजना के प्रभाव और प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे और अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव दिए। यह योजना किसानों को खाद्य और पोषण सुरक्षा देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि हो और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो।
टीम ने मसूर उत्पादन से जुड़े मुद्दों पर किसानों के साथ गहन चर्चा की। उन्होंने लखीसराय के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर खेतों का निरीक्षण किया और मसूर प्रत्यक्षण कार्यक्रम के तहत किसानों को नई तकनीकों के बारे में जानकारी दी। इससे किसानों को मसूर की फसल में आने वाली समस्याओं को हल करने और बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
टीम ने बड़हिया और सूर्यगढ़ा प्रखंड के कई गांवों का दौरा किया। सूर्यगढ़ा प्रखंड के रामपुर और अलीनगर गांव में जाकर उन्होंने सीएफएलडी (क्लस्टर फ्रंटलाइन डेमोंस्ट्रेशन) समूह द्वारा सरसों की उन्नत खेती का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से मुलाकात कर कृषि विज्ञान केंद्र से मिल रही सहायता के बारे में जानकारी ली और कृषि वैज्ञानिकों के साथ मिलकर कृषि सुधार के सुझाव दिए।
खाद्य सुरक्षा मिशन टीम ने जिला कृषि पदाधिकारी सुबोध कुमार सुधांशु से मुलाकात कर लखीसराय में विभिन्न कृषि योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद वे हलसी कृषि विज्ञान केंद्र पहुंचे। वहां उन्होंने प्रधान कृषि वैज्ञानिक डॉ. शंभू राय से भेंट कर केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा की।
तीन दिवसीय दौरे के दौरान कृषि अधिकारियों ने किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों, फसल प्रबंधन और सरकारी योजनाओं के लाभ के बारे में जागरूक किया। किसानों को नई कृषि तकनीकों और सरकारी सहायता के बारे में जानकारी देकर उनकी उत्पादकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।