धान उत्पादन के सटीक मूल्यांकन हेतु लखीसराय प्रशासन का फील्ड निरीक्षण

  • Post By Admin on Dec 09 2025
धान उत्पादन के सटीक मूल्यांकन हेतु लखीसराय प्रशासन का फील्ड निरीक्षण

लखीसराय : कृषि वर्ष 2025-26 के खरीफ मौसम में धान उत्पादन का वैज्ञानिक आकलन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी लखीसराय श्री मिथिलेश मिश्र ने प्रखंड रामगढ़ चौक के ओरे गांव में संचालित फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण किया। यह प्रयोग किसान अनिल शर्मा के खेत (खेसरा संख्या 1172) में किया गया, जहां तय मानकों के अनुसार 50 वर्गमीटर क्षेत्र में धान की कटनी की गई। कटाई के बाद धान का कुल वजन 31.780 किलोग्राम दर्ज किया गया, जो आगामी उपज अनुमान की महत्वपूर्ण आधार सामग्री बनेगा।

प्रयोग का संचालन किसान सलाहकार अशोक कुमार द्वारा वैज्ञानिक पद्धति के अनुसार किया गया। जिला प्रशासन के अनुसार, ऐसे प्रयोगों से प्राप्त आंकड़े न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारण, क्षति मुआवजा, फसल बीमा दावों तथा विभिन्न कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाते हैं।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कटनी प्रयोग की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और मानकों के अनुरूप हो। उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के उपयोग और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने पर बल दिया।

इस अवसर पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव, जिला कृषि पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, अवर एवं सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय किसानों और ग्रामीणों की भी सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।

जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई कि ऐसे वैज्ञानिक और प्रायोगिक प्रयास जिले की कृषि प्रणाली को सुदृढ़ बनाएंगे तथा किसानों की आय वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।