जल-जीवन-हरियाली क्विज में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, खुशी खातून अव्वल

  • Post By Admin on Dec 17 2025
जल-जीवन-हरियाली क्विज में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, खुशी खातून अव्वल

लखीसराय : बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित जल-जीवन-हरियाली मिशन के तहत जिला प्रशासन लखीसराय के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को बड़हिया एवं पिपरिया प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय जल-जीवन-हरियाली क्विज प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और हरियाली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

बड़हिया प्रखंड में प्रतियोगिता का आयोजन लोहिया चौक स्थित उच्च विद्यालय, बड़हिया परिसर में किया गया, जिसमें प्रखंड के 14 उच्च विद्यालयों से कुल 66 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा एवं प्रभारी प्रधानाध्यापिका डॉ. किरण कुमारी की देखरेख में प्रतियोगिता शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान जल-जीवन-हरियाली एवं पर्यावरण से जुड़े 25 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से ली गई।

प्रतियोगिता के परिणाम में उच्च विद्यालय, बड़हिया की छात्रा खुशी खातून ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रखंड का नाम रोशन किया। द्वितीय स्थान पर उच्च माध्यमिक विद्यालय, प्रतापपुर के सृजन श्री एवं श्री राम जानकी रामधन सिंह प्लस टू कन्या उच्च विद्यालय की सुहानी कुमारी संयुक्त रूप से रहीं, जबकि इसी विद्यालय की पीहू कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के आधार पर बड़हिया प्रखंड से कुल नौ छात्र-छात्राओं का चयन आगामी जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।

इधर, पिपरिया प्रखंड में जल-जीवन-हरियाली क्विज प्रतियोगिता का आयोजन मेघराय मिश्री प्रसाद प्लस टू उच्च विद्यालय, वलीपुर में किया गया। यहां प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार एवं नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा की निगरानी में 25 छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पांच छात्र-छात्राओं का चयन जिलास्तरीय प्रतियोगिता हेतु किया गया। चयनित विद्यार्थियों में वलीपुर उच्च विद्यालय के नितिन कुमार, हर्ष नयन, अरमान आनंद झा, कोमल कुमारी तथा उच्च विद्यालय रामचन्द्रपुर की राधा रानी शामिल हैं।

इस प्रकार दोनों प्रखंडों से कुल 91 छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में भाग लिया, जिनमें से 14 विद्यार्थियों का चयन जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। प्रतियोगिता के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन से छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखा गया। शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।