ऑनलाइन ठगी से बचाव पर जोर, शांति सेना द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on Apr 23 2026
ऑनलाइन ठगी से बचाव पर जोर, शांति सेना द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मुजफ्फरपुर : शांति सेना के तत्वावधान में गुरुवार को किलकारी स्कूल कैंपस, न्यू मार्केट, ढाला रोड, भूताने में साइबर जागरूकता कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयोजक सोनू सरकार ने की, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोनू सरकार ने कहा कि साइबर अपराध आज के समय में बड़ी चुनौती बन चुके हैं। अपराधी लोगों की लापरवाही का फायदा उठाकर उनके पैसे और प्रतिष्ठा दोनों को नुकसान पहुंचाते हैं, इसलिए जागरूकता ही इससे बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।

विशिष्ट अतिथि हथौड़ी थाना प्रभारी सत्यनारायणा शर्मा ने डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर धोखाधड़ी के मामलों की जानकारी देते हुए बताया कि अपराधी पुलिस या सीबीआई अधिकारी बनकर वीडियो कॉल के माध्यम से लोगों को डराते हैं और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर पैसे की उगाही करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की गिरफ्तारी कानूनी रूप से मान्य नहीं है।

समाजवादी नेता विनय कुमार निषाद ने साइबर फ्रॉड की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तुरंत इस नंबर पर संपर्क करना चाहिए। यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहती है।

इस दौरान सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन के सचिव एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने गीतों के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और डिजिटल सुरक्षा को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक राजनंदन कुमार एवं विद्यालय के शिक्षकों द्वारा सोनू सरकार, सत्यनारायणा शर्मा, विनय कुमार निषाद, सुनील कुमार, युवा साहित्यकार तन्नू श्री और तबला वादक आदित्य सुमन को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सुरेश कुमार, शिवम कुमार, अंशु कुमारी, रागिनी कुमारी, पूनम कुमारी, एम.डी. हुसैन, नितिन कुमार एवं नीलम देवी सहित कई लोग उपस्थित रहे। अंत में किलकारी द एजुकेशन पॉइंट के निदेशक सफदर रेजा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।