पुरानी गुदरी में गूंजे देशभक्ति के गीत, एक प्रयास मंच के कार्यक्रम में बच्चों ने बिखेरा उत्साह
- Post By Admin on Aug 15 2026
मुजफ्फरपुर: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक प्रयास मंच की ओर से पुरानी गुदरी स्थित भवानी सिंह मार्ग में भव्य झंडोत्तोलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंच के संस्थापक संजय रजक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
झंडोत्तोलन के बाद बच्चों ने विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। स्वतंत्रता दिवस को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर रहा। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में भी राष्ट्रीय गौरव और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया।
एक प्रयास मंच की ओर से बच्चों को शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रप्रेम के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि बच्चों में शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और देश के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना आवश्यक है। कार्यक्रम में संजय रजक, रौशनी, लक्ष्मी, राज नंदनी, आरव, सिद्धार्थ सहित अन्य बच्चे और स्थानीय लोग मौजूद रहे। बच्चों एवं स्थानीय लोगों की सहभागिता ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को और खास बना दिया।