दिव्यांग संघ ने डीडीसी से मिलकर की समस्याओं पर ध्यान देने की अपील

  • Post By Admin on Dec 18 2024
दिव्यांग संघ ने डीडीसी से मिलकर की समस्याओं पर ध्यान देने की अपील

लखीसराय : दिव्यांग संघ के पदाधिकारियों ने नव पदस्थापित उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सुमित कुमार से उनके कार्यालय में मिलकर दिव्यांगों की समस्याओं के समाधान की मांग की। इस अवसर पर चानन के जिला परिषद सह उपाध्यक्ष के प्रतिनिधि मदन मंडल ने दिव्यांग संघ के पदाधिकारियों को गुलदस्ता देकर सम्मानित किया और हर हाल में उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

इस बैठक में दिव्यांग संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय, उपाध्यक्ष सह जिला मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार सिद्धांत, जिला सचिव अरुण कुमार पासवान, सूचना जन सम्पर्क प्रभारी लिलिंद्र कुमार और दिव्यांग सदस्य प्रमोद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने नए डीडीसी को गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।

बैठक के दौरान मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार सिद्धांत ने दिव्यांगों के सामने आ रही समस्याओं के बारे में डीडीसी को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के नाम पर बाजार में शोषण और दोहन का काम हो रहा है। कंप्यूटर संचालक प्रति आवेदन डेढ़ सौ से दो सौ रुपये तक शुल्क ले रहे हैं। जबकि फोटो वगैरह का चार्ज अलग से लिया जा रहा है। इसके बाद शिविरों के चक्कर और पेंशन राशि के भुगतान में अधिकारियों की लापरवाही की समस्या भी सामने आई है।

इसके अतिरिक्त उन्होंने यह भी बताया कि हर कार्यालय में दिव्यांगों के लिए रैम्प निर्माण का आदेश होने के बावजूद अब तक इसे सुनियोजित तरीके से लागू नहीं किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि डीडीसी और अन्य अधिकारियों द्वारा इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र ध्यान दिया जाएगा और दिव्यांगों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार किया जाएगा।

संघ ने इस बात पर जोर दिया कि यदि सरकारी आदेशों का पालन नहीं किया जाता है तो दिव्यांगों के अधिकारों का उल्लंघन होता रहेगा। डीडीसी सुमित कुमार ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द ही किया जाएगा और प्रशासन दिव्यांगों के हित में ठोस कदम उठाएगा।