स्वस्थ युवा–समृद्ध राष्ट्र की भावना के साथ जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, ग्रामीण प्रतिभाओं ने बिखेरा दमखम

  • Post By Admin on Feb 01 2026
स्वस्थ युवा–समृद्ध राष्ट्र की भावना के साथ जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, ग्रामीण प्रतिभाओं ने बिखेरा दमखम

मुजफ्फरपुर: मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में “स्वस्थ युवा–समृद्ध राष्ट्र” थीम पर आधारित दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 31 जनवरी से 01 फरवरी 2026 तक तिरहुत शारीरिक शिक्षण महाविद्यालय परिसर में किया गया। प्रतियोगिता का द्वितीय दिवस सह समापन समारोह 01 फरवरी को उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्लस्टरों- मोतीपुर, सकरा, कुढ़नी, कटरा एवं मीनापुर में आयोजित क्लस्टर स्तरीय खेल स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों और टीमों ने भाग लिया। आयोजन के अंतर्गत फुटबॉल (पुरुष), कबड्डी (महिला), एथलेटिक्स 4×100 मीटर रिले (पुरुष एवं महिला) तथा बैडमिंटन (पुरुष एवं महिला) की प्रतियोगिताएं कराई गईं।

पहले दिन फुटबॉल (पुरुष) की स्पर्धाएं हुईं, जबकि दूसरे दिन फुटबॉल फाइनल के साथ कबड्डी, एथलेटिक्स रिले और बैडमिंटन की फाइनल स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

  • खेल जीवन का अनुशासन सिखाते हैं : रमा निषाद

समापन समारोह की मुख्य अतिथि रमा निषाद, माननीय मंत्री, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार सरकार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ युवा–समृद्ध राष्ट्र” केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवनशैली है, जिसे हर युवा को अपनाना चाहिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर जिला स्तर तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों की सराहना करते हुए मेरा युवा भारत के जमीनी प्रयासों को युवाओं के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।

  • ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देता है ऐसा आयोजन: विधायक अजय कुमार

समारोह को संबोधित करते हुए अजय कुमार, माननीय विधायक, मीनापुर विधानसभा क्षेत्र ने कहा कि खेल युवाओं को टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच सिखाता है। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय खेल आयोजन ग्रामीण इलाकों की छुपी प्रतिभाओं को सामने लाने का सशक्त मंच हैं। साथ ही युवाओं से नियमित खेल अभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

  • युवा मंडलों को मिला प्रोत्साहन

कार्यक्रम के दौरान खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सक्रिय युवा मंडलों को अतिथियों द्वारा स्पोर्ट्स किट का वितरण किया गया। इस क्रम में मीनापुर युवा मंडल (मीनापुर), स्वामी विवेकानंद युवती मंडल (मुशहरी), गोरैया युवा मंडल (कुढ़नी), चंद्रशेखर आजाद युवा मंडल (कुढ़नी), स्वामी विवेकानंद युवा मंडल (मुरौल) एवं स्वामी विवेकानंद युवा मंडल (मीनापुर) को खेल सामग्री किट प्रदान की गई।

  • प्रतियोगिताओं के परिणाम

कबड्डी (महिला) में हनुमान नगर, कटरा की टीम विजेता जबकि प्रोजेक्ट राम जानकी गर्ल्स टीम, मीनापुर उपविजेता बनी। फुटबॉल (पुरुष) में बाबू एफसी, सकरा ने खिताब जीता और मीनापुर वॉरियर्स उपविजेता रही। एथलेटिक्स 4×100 मीटर रिले (पुरुष) में कुढ़नी टीम प्रथम, आई रिले टीम द्वितीय तथा मीनापुर टीम तृतीय स्थान पर रही। महिला रिले में मीनापुर टीम प्रथम और मोतीपुर टीम द्वितीय रही। बैडमिंटन (पुरुष) में चंदन कुमार विजेता और अविनाश कुमार उपविजेता बने, जबकि बैडमिंटन (महिला) में कटरा की नंदिनी कुमारी विजेता और मीनापुर की सनोवर खातून उपविजेता रहीं।

समापन अवसर पर सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री चंदेश्वर पाण्डेय (सहायक प्रशासनिक अधिकारी, मेरा युवा भारत, पटना), श्री रंजन कुमार (टीसीपीई, झपहां), खेल ऑफिशियल्स तथा जिले भर से आए मेरा युवा भारत के युवा स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही।