बजट 2026 : आम जनता को राहत, जूते-कपड़े और कैंसर की दवाएं सस्ती, शराब हुई महंगी

  • Post By Admin on Feb 01 2026
बजट 2026 : आम जनता को राहत, जूते-कपड़े और कैंसर की दवाएं सस्ती, शराब हुई महंगी

नई दिल्ली : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट पेश करते हुए कई अहम घोषणाएं कीं। बजट 2026-27 में आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए कई रोजमर्रा और जरूरी इस्तेमाल की चीजों को सस्ता किया गया है, जबकि कुछ वस्तुओं पर महंगाई की मार पड़ी है।

वित्त मंत्री के बजट भाषण के अनुसार चमड़े के जूते, कपड़े और उनके निर्यात पर अब कम खर्च आएगा, जिससे टेक्सटाइल और लेदर उद्योग को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। इसके अलावा माइक्रोवेव ओवन, सोलर एनर्जी से जुड़े उत्पाद, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) बैटरी और कैंसर की 17 दवाओं के दाम घटाए गए हैं। इससे स्वास्थ्य और घरेलू खर्च दोनों में राहत मिलने की उम्मीद है।

बजट में एक अप्रैल 2026 से नए इनकम टैक्स एक्ट के लागू होने की घोषणा की गई है, हालांकि करदाताओं को फिलहाल किसी बड़े टैक्स रिलीफ का फायदा नहीं मिला है। वहीं दूसरी ओर शराब, मिनरल्स और स्क्रैप जैसी वस्तुएं महंगी कर दी गई हैं, जिससे इन सेक्टरों में उपभोक्ताओं को ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।

सरकार का कहना है कि यह बजट ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। ऐसे समय में जब देश अमेरिकी टैरिफ और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं का सामना कर रहा है, सरकार ने कृषि से लेकर रक्षा तक के क्षेत्रों में संतुलित आवंटन करने का प्रयास किया है।

बजट 2026 में महंगा हुआ

मिनरल्स, स्क्रैप और शराब।

बजट 2026 में सस्ता हुआ

लेदर और कपड़ा, सिंथेटिक फुटवियर, विदेशी यात्रा, कैंसर की 17 दवाएं, माइक्रोवेव ओवन, जूते, एयरक्राफ्ट निर्माण से जुड़ी सामग्री, EV बैटरी, शुगर की दवाएं, चमड़े और कपड़े का निर्यात, बायोगैस मिक्स्ड CNG, सोलर ग्लास, मिक्स्ड गैस CNG और विमानों का ईंधन।

कुल मिलाकर बजट 2026 में आम जनता को कई मोर्चों पर राहत मिली है, जबकि कुछ वस्तुओं की महंगाई सरकार के राजस्व बढ़ाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।