डिप्टी सीएम का निजी विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त, गंभीर रूप से घायल
- Post By Admin on Jan 28 2026
महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा उस वक्त हुआ, जब उप मुख्यमंत्री अजित पवार का निजी चार्टर विमान एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान के क्रैश होने से अजित पवार घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लैंडिंग के समय विमान का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद वह रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। विमान को भारी क्षति पहुंची है।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई से बारामती आ रहा चार्टर प्लेन सुबह करीब 8.45 बजे क्रैश लैंडिंग का शिकार हुआ। विमान में उप मुख्यमंत्री अजित पवार सहित कुल चार लोग सवार थे। सभी को तुरंत बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि अजित पवार जिला परिषद चुनावों को लेकर बारामती में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें क्षतिग्रस्त विमान और घटनास्थल की भयावह स्थिति देखी जा सकती है।
फिलहाल प्रशासन और विमानन अधिकारियों द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।