दिल्ली चलो अभियान से पहले लखीसराय में सीपीएम का शक्ति प्रदर्शन, कार्यालय उद्घाटन

  • Post By Admin on Mar 17 2026
दिल्ली चलो अभियान से पहले लखीसराय में सीपीएम का शक्ति प्रदर्शन, कार्यालय उद्घाटन

लखीसराय : मजदूरों के शोषण और जनसमस्याओं के खिलाफ 24 मार्च को प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ अभियान के तहत सीपीएम का राज्य जत्था मंगलवार को लखीसराय पहुँचा। जमुई के सिकंदरा होते हुए जिले में प्रवेश के दौरान हलसी में पार्टी जिला कमेटी द्वारा जत्थे का जोरदार स्वागत किया गया।

इस दौरान कॉमरेड विकास जी ने जनवादी गीतों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और आम लोगों में उत्साह का संचार किया। इसके बाद कॉमरेड शिवदानी सिंह बच्चन की अध्यक्षता में एक नुक्कड़ सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए जिला सचिव शंकर राम, मोती साव, रंजीत कुमार अजीत, दीपक कुमार वर्मा, डीवाईएफआई के राज्य सचिव रजनीश कुमार तथा जिला प्रभारी सह राज्य सचिव मंडल सदस्य कॉमरेड संजय कुमार ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। वक्ताओं ने लोगों से बड़ी संख्या में दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।

इसी क्रम में राज्य जत्थे के लखीसराय आगमन पर जेल के पीछे दामोदरपुर रोड स्थित सीपीएम के नए जिला कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि एवं जिला पर्यवेक्षक कॉमरेड संजय कुमार ने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में जिला मंत्री शंकर राम, मोती साव, रंजीत कुमार अजीत, सुनील कुमार, दिनकर कुमार, सुधीर कुमार यादव, सुरेश वर्मा, दीपक कुमार वर्मा, शिवदानी सिंह बच्चन, मुकेश पासवान, अनुज कुमार, डब्लू कुमार और मनोज पासवान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नेताओं ने कहा कि नए जिला कार्यालय के शुरू होने से क्षेत्र में पार्टी के जनआंदोलनों को और मजबूती मिलेगी तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी।