लखीसराय में महिलाओं ने सिंदूर खेला के साथ मां दुर्गा को दी भावपूर्ण विदाई
- Post By Admin on Oct 03 2025
.jpg)
लखीसराय: दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर लखीसराय में महिलाओं ने सिंदूर खेला के माध्यम से मां दुर्गा को विदाई दी और अपने सुहाग की दीर्घायु के लिए प्रार्थना की। शहर के पुरानी बाजार चितरंजन रोड अभिमन्यु चौक और महावीर स्थान में स्थापित भारत माता पंडाल के निकट गुरुवार और शुक्रवार को महिलाओं ने सामूहिक रूप से श्रद्धा व भक्ति के साथ मां की पूजा अर्चना की।
पूजन के बाद महिलाएं एक-दूसरे के मांग में सिंदूर लगाकर अपने पति के दीर्घायु की कामना करती दिखीं। इस दौरान बज रहे भक्ति गीतों की मधुर धुन पर महिलाएं जमकर ठुमके भी लगा रही थीं। कार्यक्रम का नेतृत्व रंजू राज और नीतू कुमारी ने किया। उन्होंने बताया कि सिंदूर खेला की परंपरा लगभग 450 वर्ष पूर्व बंगाल से प्रारंभ हुई और अब देश के विभिन्न राज्यों तथा विदेशों में भी प्रचलित है।
इस अवसर पर आदिति कुमारी, आकांक्षा कुमारी, नूतन कुमारी, निवेदिता राज, मुस्कान कुमारी, खुशी कुमारी, विधि कुमारी, सुरुचि कुमारी, दिव्या कुमारी, पिंटू यादव, प्रशांत कुमार राज, संजीत कुमार, राजकुमार और विवेक केशरी सहित कई लोग उपस्थित रहे। महावीर स्थान में पहली बार आयोजित सिंदूर खेला उत्सव में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि अमिय भारत माता पंडाल के निकट गत वर्ष 2022 से यह परंपरा शुरू हुई थी।
सिंदूर खेला उत्सव नवरात्र के दसवें दिन, मां दुर्गा के मायके से अपने ससुराल लौटने के अवसर पर मनाया जाता है। इसे भावनात्मक क्षणों को उत्साह में बदलने और महिलाओं को भागीदारी का अनुभव देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।