बदलता पटना, बढ़ता पटना : आज मिलेगी स्मार्ट सुविधाओं की चार बड़ी सौगात
- Post By Admin on Jun 19 2026
पटना : राजधानी पटना के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को पटना स्मार्ट सिटी योजना के तहत चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें तीन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और एक परियोजना का शिलान्यास शामिल है।
सबसे पहले मुख्यमंत्री मीठापुर स्थित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का उद्घाटन करेंगे। लगभग 30 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित यह जी+3 भवन 26 हजार वर्गफुट क्षेत्र में विकसित किया गया है। इस सेंटर में बैंक, पोस्ट ऑफिस, नगर निगम कार्यालय, एटीएम, दुकानें, सैलून, ब्यूटी पार्लर, दीदी की रसोई, सुपरमार्केट, जिम और रेस्टोरेंट जैसी विभिन्न सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इसके अलावा ओपन एयर कैफे, ओपन एयर थिएटर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एम्फीथिएटर की भी व्यवस्था की गई है। प्रत्येक तल पर पुरुष एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुख केंद्र मीठापुर में स्थित यह सुविधा छात्रों और स्थानीय नागरिकों के लिए काफी उपयोगी मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री जेपी गंगा पथ पर विकसित रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजना और जिगजैग पार्क का भी उद्घाटन करेंगे। दीघा से सभ्यता द्वार तक गंगा तट पर विकसित रिवर फ्रंट को 32.14 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है। वहीं, मुंबई की जुहू चौपाटी की तर्ज पर विकसित 550 मीटर लंबे जिगजैग पार्क के निर्माण पर 2.54 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। कुर्जी मोड़ से एलसीटी घाट तक फैले इस पार्क में 2700 से अधिक पौधे लगाए गए हैं तथा लोगों के बैठने और भ्रमण के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
शहर के गिग वर्कर्स को भी बड़ी राहत मिलने जा रही है। गांधी मैदान गेट नंबर-4 और इनकम टैक्स गोलंबर के समीप बनाए गए दो वातानुकूलित प्री-फैब्रिकेटेड लाउंज का उद्घाटन भी आज होगा। इन लाउंज में बैठने, मोबाइल चार्जिंग और शीतल पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। गिग वर्कर्स यहां निशुल्क आराम कर सकेंगे। इसके साथ ही बिहार की पहली हाइड्रोलिक मल्टीलेवल बाइक पार्किंग परियोजना का शिलान्यास भी किया जाएगा। मौर्या लोक, बोरिंग रोड और कदमकुआं वेंडिंग जोन के निकट बनने वाली यह स्वचालित पार्किंग व्यवस्था राजधानी में पार्किंग की समस्या को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।