कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर क्षमता निर्माण सत्र आयोजित

  • Post By Admin on Sep 09 2025
कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर क्षमता निर्माण सत्र आयोजित

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम लखीसराय के तत्वावधान में संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से 10 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के तहत निजी विद्यालयों के पदाधिकारियों के बीच पोश अधिनियम विषय पर क्षमता निर्माण सत्र आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) सह नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति श्रीमती बंदना पांडेय, जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी, निजी शिक्षक संघ के सचिव रंजन कुमार तथा अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही श्रीमती पांडेय ने कहा कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पोश अधिनियम के तहत प्रत्येक संस्थान में आंतरिक समिति का गठन कर महिलाओं के सशक्तिकरण में सहभागिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि स्थानीय समिति का गठन नहीं करने वाले संस्थानों पर 50 हजार रुपए जुर्माना लगाया जा सकता है।

केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने पोश अधिनियम, 2013 की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न रोकथाम, निषेध और निवारण अधिनियम का उद्देश्य सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और शिकायतों के निवारण हेतु तंत्र स्थापित करना है।

जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने शी बॉक्स पोर्टल के उपयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह एक इलेक्ट्रॉनिक प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से महिलाएं ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि निजी संस्थानों को अनिवार्य रूप से प्राइवेट हेड रजिस्ट्रेशन कराना होगा ताकि जिला प्रशासन को आंतरिक समितियों की स्थिति की जानकारी मिल सके।

उन्होंने सभी संस्थानों से शी बॉक्स पोर्टल पर पंजीयन कराने और कार्यालयों में आंतरिक समिति का बैनर प्रदर्शित करने की अपील की।

इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, बाल संरक्षण पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला समन्वयक कन्हैया कुमार समेत निजी विद्यालयों के कई पदाधिकारी और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।