मुजफ्फरपुर: लंगट सिंह महाविद्यालय के सभागार में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला सदस्यता अभियान का शुभारंभ बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने की। कार्यक्रम में पार्टी के विभिन्न विधायक, पूर्व विधायक, पदाधिकारी, और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. ममता रानी ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में डॉ. रानी ने कहा कि यह समय पार्टी के लिए एकजुट और समर्पित होकर कार्य करने का है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए हमें पूरी जी-जान से जुटना होगा। डॉ. ममता रानी ने आगे कहा कि हमें अपने यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विजन को पूरा करना है। इसके लिए सदस्यता अभियान से जुड़ना बेहद आवश्यक है ताकि हम प्रधानमंत्री के सपनों को साकार कर सकें।
डॉ. रानी ने इस बात पर भी जोर दिया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए यह सदस्यता अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। इस अभियान से पार्टी को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा, जो विकसित भारत के सपने को साकार करने में सहायक होगा।




















