अमेरिका की एक अदालत ने खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश में शामिल होने के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 235 महीने यानी करीब 19.5 साल की जेल की सजा सुनाई है। न्यूयॉर्क की दक्षिणी जिला अदालत के जज विक्टर मारेरो ने शुक्रवार को सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया।

55 वर्षीय निखिल गुप्ता ने इस साल हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश से जुड़े आरोपों को स्वीकार किया था। अमेरिकी अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह साजिश न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या कराने से संबंधित थी। सुनवाई के दौरान पन्नू ने भी अदालत में अपना बयान दिया। उसने दावा किया कि अपनी जान को खतरा सामने आने के बाद से वह 1,200 दिनों से अधिक समय तक नियमित कानूनी पेशेवर गतिविधियां नहीं कर पाया। वहीं, निखिल गुप्ता ने अदालत में अपनी भूमिका पर खेद जताया।

यह मामला भारत और अमेरिका के बीच पहले से संवेदनशील रहे सुरक्षा एवं कूटनीतिक संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।