बड़हिया स्टेशन पर शुरू हुआ बलिया–सियालदह एक्सप्रेस का ठहराव, यात्रियों में खुशी
- Post By Admin on Sep 10 2025
लखीसराय : पूर्व मध्य रेल, दानापुर मंडल के किऊल पोस्ट से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार से गाड़ी संख्या 13106 डाउन बलिया–सियालदह एक्सप्रेस का ठहराव बड़हिया स्टेशन पर शुरू कर दिया गया। यह सुविधा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दी गई है।
निर्धारित समय पर ट्रेन दोपहर 3 बजकर 53 मिनट पर बड़हिया स्टेशन पहुंची। इस मौके पर एपीओ/दानापुर, स्टेशन अधीक्षक बरहिया तथा आईपीएफ किऊल मौजूद थे। ट्रेन के आगमन पर लोको पायलट का माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद 3 बजकर 57 मिनट पर ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई।
रेल प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ठहराव की शुरुआत की गई है। ठहराव शुरू होने से स्थानीय यात्रियों में हर्ष का माहौल है और उन्होंने इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया।