अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान, 29 स्थानों पर चलाया गया विशेष कार्यक्रम
- Post By Admin on Apr 25 2026
लखीसराय : बिहार अग्निशमन सेवा, लखीसराय द्वारा अग्नि सुरक्षा को लेकर जिले में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी **विनिता लता** के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें जिले के कुल 29 स्थानों पर विशेष रूप से झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में लोगों को आग से बचाव के उपाय बताए गए।
अभियान के तहत ग्रामीण और घनी आबादी वाले इलाकों में मॉक ड्रिल आयोजित कर लोगों को आग लगने की स्थिति में क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि तेज हवा चलने से पहले ही खाना बनाकर चूल्हे की आग को पूरी तरह बुझा दें और घर से बाहर जाते समय बिजली का स्विच ऑफ कर लें।
अग्निशमन विभाग की टीम ने लोगों को यह भी सलाह दी कि बीड़ी-सिगरेट पीने के बाद उसे इधर-उधर न फेंकें, खासकर सूखे खेत या खलिहान के पास। साथ ही गांव और मोहल्लों में पानी और बालू का इंतजाम रखने को कहा गया, ताकि किसी भी अग्निकांड की स्थिति में तुरंत आग पर काबू पाया जा सके।
इस दौरान लोगों के बीच अग्नि सुरक्षा से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए और जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया। विभाग ने अपील की है कि किसी भी आगजनी की घटना होने पर तुरंत 101 या 112 नंबर पर संपर्क करें, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके।