शहादत दिवस पर सर्व धर्म प्रार्थना सभा आयोजित, गांधी जी के विचारों को युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास

  • Post By Admin on Jan 30 2026
शहादत दिवस पर सर्व धर्म प्रार्थना सभा आयोजित, गांधी जी के विचारों को युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास

मुजफ्फरपुर : महात्मा गांधी की शहादत दिवस के अवसर पर शांति सेना मुजफ्फरपुर द्वारा गांधी पार्क, सिकंदरपुर में सर्व धर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं तक गांधी जी के सत्य और अहिंसा के संदेश को पहुँचाना और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

इस अवसर पर प्रो. (डॉ) विजय कुमार जायसवाल ने कहा कि गांधी जी के चंपारण सत्याग्रह और नमक सत्याग्रह ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोग गोडसे की महिमा मंडन का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन गांधी का संदेश आज भी पूरी दुनिया में प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।

अशोक भारत, वरिष्ठ गांधीवादी एवं सर्व सेवा संघ प्रकाशन समिति के संयोजक ने कहा कि महापुरुषों की स्मृति दिवस पर सर्व धर्म प्रार्थना का आयोजन एक रचनात्मक तरीका है। उन्होंने बताया कि प्रार्थना आत्मबल को मजबूत करती है और भारत जैसे बहुलतावादी देश में यह अत्यंत महत्वपूर्ण है।

शांति सेना मुजफ्फरपुर के अध्यक्ष सोनू सरकार ने कहा कि शांति सेना की स्थापना विनोबा भावे ने भूदान आंदोलन के दौरान की थी और इसका उद्देश्य सामान्य स्थिति में सेवा एवं विशेष परिस्थिति में शांति स्थापना करना है। उन्होंने बताया कि शांति सेना का हथियार प्रेम है और सत्य के मार्ग पर निर्भयता आवश्यक है।

सभा का संचालन अशोक भारत ने किया, जबकि कार्यक्रम का संयोजन प्रो. सोनू सरकार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन माधुरी ने प्रस्तुत किया। मौके पर शैलेंद्र कुमार, संजय रजक, राहुल कुमार दास, सुमन वृक्ष, अनिल कुमार पोद्दार, विकास कुमार, हरीकिशोर राय, राजेश कुमार महतो, विष्णु कुमार, माधुरी कुमारी, राजा बाबू, विपिन कुमार, संजीव कुमार चौधरी, प्रमोद कुमार, मुकेश कुमार, शिवानी कुमारी, अर्जुन गुप्ता, नरेंद्र जी स्वामी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

इस कार्यक्रम के माध्यम से गांधी जी के अहिंसा और सत्य के संदेश को समाज में व्यापक रूप से फैलाने का प्रयास किया गया।