लखीसराय : जिले में पड़ रही भीषण शीतलहर और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन, लखीसराय द्वारा जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार मानवीय प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 23 दिसंबर 2025 की मध्य रात्रि जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने लखीसराय रेलवे जंक्शन परिसर के विभिन्न प्लेटफार्मों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्मों पर खुले आसमान के नीचे सो रहे गरीब, वृद्ध, दिव्यांग, बेसहारा एवं असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। जिला पदाधिकारी स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर ठंड से प्रभावित लोगों से संवाद करते दिखे और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि कड़ाके की ठंड में कोई भी व्यक्ति असहाय न रहे, यह जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शीतलहर से बचाव हेतु प्रशासन द्वारा हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक भी राहत पहुंच सके।
कंबल वितरण के दौरान विशेष रूप से वृद्धजनों, दिव्यांगों, महिलाओं और उन लोगों को प्राथमिकता दी गई जो मजबूरी में रेलवे प्लेटफार्म पर रात गुजार रहे हैं। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शीतलहर के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रात्रिकालीन भ्रमण कर जरूरतमंदों की पहचान की जाए तथा उन्हें कंबल एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इसके साथ ही डीएम ने रैन बसेरों की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का निर्देश देते हुए वहां स्वच्छता, पेयजल और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि मानवता के नाते यह जरूरी है कि ठंड के इस कठिन समय में कोई भी व्यक्ति उपेक्षित न रहे।
जिला प्रशासन की इस संवेदनशील पहल की स्थानीय लोगों एवं जरूरतमंदों ने सराहना की। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर राहत और संतोष साफ झलकता नजर आया।




















