लोक अदालत की सफलता के लिए प्रशासन अलर्ट, प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश

  • Post By Admin on Apr 25 2026
लोक अदालत की सफलता के लिए प्रशासन अलर्ट, प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश

लखीसराय : आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के तत्वावधान में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री सैय्यद मोहम्मद शब्बीर आलम के प्रकोष्ठ में किया गया।

बैठक में श्रीमति रजनी कुमारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही प्रधान न्यायाधीश, लखीसराय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम तथा सचिव श्री विधानन्द सागर भी मौजूद रहे।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें जिला पंचायती राज पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद लखीसराय, कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग, भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के पदाधिकारी, माप-तौल विभाग, वन विभाग, परिवहन विभाग तथा जिला खनन पदाधिकारी शामिल थे। इसके अतिरिक्त एक अन्य बैठक में अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (रेल), रेलवे से जुड़े पदाधिकारी और विभिन्न जीआरपी थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आगामी लोक अदालत के लिए अधिक से अधिक मामलों की पहचान कर संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करें, ताकि अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित हो सके। जिला परिवहन पदाधिकारी को विशेष रूप से ट्रैफिक चालान से जुड़े मामलों में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया।

साथ ही लोक अदालत की सफलता के लिए बैनर, पंपलेट, डिजिटल माध्यम और सोशल मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने और आम लोगों में जागरूकता फैलाने पर भी जोर दिया गया।