ऑपरेशन सतर्क में सफलता, किऊल स्टेशन से अवैध शराब जब्त

  • Post By Admin on Apr 25 2026
ऑपरेशन सतर्क में सफलता, किऊल स्टेशन से अवैध शराब जब्त

लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल स्टेशन पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। गश्ती के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 01/02 के पूर्वी छोर पर एक लावारिस झोला बरामद किया गया, जिसमें बीयर के कैन पाए गए।

मिली जानकारी के अनुसार, सहायक उप निरीक्षक प्रशांत कुमार सुबह करीब 09:50 बजे स्टेशन क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक मैरून चेकदार झोला संदिग्ध अवस्था में मिला। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी झोले पर अपना दावा नहीं किया।

इसके बाद उपस्थित लोगों के सामने झोले की तलाशी ली गई, जिसमें 18 कैन Haywards 5000 बीयर (प्रत्येक 500 एमएल) बरामद हुए। इन पर “फॉर सेल इन वेस्ट बंगाल ओनली” अंकित था। बरामद बीयर की कुल मात्रा 9 लीटर और अनुमानित कीमत 1,980 रुपए बताई गई है।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों से गवाह बनने का अनुरोध किया गया, लेकिन कानूनी प्रक्रिया के डर से उन्होंने इनकार कर दिया। इसके बाद RPF के आरक्षी निवास कुमार पांडेय और शिव शंकर कुमार को गवाह बनाकर सुबह 10:00 बजे जब्ती सूची तैयार की गई।

बरामद शराब को सहायक उप निरीक्षक प्रशांत कुमार की लिखित शिकायत के साथ आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद थाना, लखीसराय को सौंप दिया गया है, जहां मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे की प्रगति से अवगत कराया जाएगा।