15 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

  • Post By Admin on Dec 28 2024
15 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

लखीसराय : जिले में स्थापित सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में "बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ" योजना के तहत 15 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बीते शुक्रवार को किया गया। पिपरिया कस्तूरबा विद्यालय में कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि रामविलास शर्मा ने कहा कि हमारे प्रखंड के लिए यह गौरव की बात है कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत आत्मरक्षा का प्रशिक्षण शुरू हुआ है। साथ ही, उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से लड़कियों को संकट के समय खुद की रक्षा करने के लिए मनोवैज्ञानिक, बौद्धिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनना सिखाया जाता है।

वहीं, लड़कियों में आत्मविश्वास विकसित कर उन्हें बिना किसी डर के चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया जाता है। हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मरक्षा एवं आत्मविश्वास की भावनाओं को जागृत कर उनको सबल एवं सजग बालिका के रूप में प्रतिष्ठित बनाना हैं। जिससे वे निर्भीक एवं प्रखर होकर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें। आत्मरक्षा प्रशिक्षक बादल कुमार ने बताया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण न केवल शारीरिक सुरक्षा के बारे में सिखाता है, बल्कि परिस्थितिजन्य जागरूकता पर भी जोर देता है। बच्चों को सिखाया जाता है कि खतरों को कैसे पहचानें, संघर्षों को कैसे कम करें और खतरे को भांपते ही तुरंत निर्णय कैसे लें। इस कार्यक्रम में वार्डन-सह-शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी, प्रशिक्षक दीपक कुमार एवं दर्जनों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।