मंगलुरु : कर्नाटक के मंगलुरु से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बीड़ी का टुकड़ा निगलने से 10 महीने के मासूम की मौत हो गई। मृतक बच्चे की मां ने इस घटना के लिए उसके पिता की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
घटना अड्यार क्षेत्र की है, जहां बिहार से आकर रह रहे एक दंपती का बेटा अनीश कुमार घर में खेलते वक्त बीड़ी का जला हुआ टुकड़ा निगल गया। बताया जा रहा है कि बच्चे के पिता ने बीड़ी पीने के बाद टुकड़ा घर में ही फेंक दिया था, जिसे अनजाने में मासूम ने मुंह में डाल लिया।
घटना शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। बच्चे की तबीयत बिगड़ते ही उसे तुरंत वेंसाक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।
मृतक की मां लक्ष्मी देवी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उन्होंने कई बार अपने पति को घर में बीड़ी न फेंकने की हिदायत दी थी, लेकिन उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने इस लापरवाही को अपने बच्चे की मौत की वजह बताया है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला घर में बच्चों की सुरक्षा और धूम्रपान से जुड़ी लापरवाही को लेकर गंभीर चेतावनी बनकर सामने आया है।





















