लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी का चुनावी संकल्प पत्र जारी कर रोजगार, किसान, शिक्षा, सामाजिक न्याय और आर्थिक सहायता से जुड़े कई वादे किए हैं। पार्टी ने अपने घोषणापत्र के जरिए युवाओं और पिछड़े, दलित तथा अल्पसंख्यक वर्गों को अपनी चुनावी रणनीति के केंद्र में रखा है।
समाजवादी पार्टी ने पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने, बेरोजगार स्नातकों को नौकरी मिलने तक हर महीने 5,000 रुपए सहायता देने और अन्य क्षेत्रों में करोड़ों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने का वादा किया है। पार्टी ने सरकारी भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने और परीक्षा में गड़बड़ी के मामलों पर जवाबदेही तय करने की बात भी कही है।
शिक्षा के क्षेत्र में पार्टी ने 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर से शुरू करने, विद्यार्थियों के लिए मुफ्त लैपटॉप योजना को वापस लाने और छात्रावास सुविधाओं को विस्तार देने जैसे प्रस्ताव रखे हैं। इसके अलावा छोटे कारोबार, सूक्ष्म एवं लघु उद्योग और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी घोषणाएं की गई हैं।
किसानों के लिए कर्ज माफी, सिंचाई से जुड़ी राहत और कृषि क्षेत्र में आर्थिक सहायता जैसे प्रस्तावों को भी संकल्प पत्र में जगह दी गई है। पार्टी ने सामाजिक न्याय के मुद्दे को प्रमुखता देते हुए जातिगत जनगणना और पिछड़े, दलित तथा अल्पसंख्यक समुदायों के लिए अवसरों की समानता पर जोर दिया है।
घोषणापत्र में वृद्ध महिलाओं के लिए सालाना 40 हजार रूपए सहायता, श्रमिकों और अन्य कमजोर वर्गों के लिए आर्थिक सहयोग, सरकारी ठेकों में आरक्षण संबंधी प्रस्ताव तथा पांच रुपए में भोजन उपलब्ध कराने वाली समाजवादी कैंटीन की योजना भी शामिल है।
अखिलेश यादव के इस संकल्प पत्र को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की रणनीति और मतदाता समूहों को साधने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। घोषणाओं को लेकर राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है।
















