लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। गठबंधन के भीतर नेताओं की बयानबाजी के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी नेताओं को संयम बरतने और सार्वजनिक बयानबाजी के बजाय संगठनात्मक काम पर ध्यान देने की सलाह दी है।
खड़गे ने लखनऊ में आयोजित संविधान रक्षा सम्मेलन के दौरान कहा कि गठबंधन कायम रहेगा और सभी सहयोगी दलों को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह गठबंधन ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा को चुनौती दी थी, उसी तरह 2027 के विधानसभा चुनाव में भी एकजुट होकर मुकाबला किया जा सकता है।
सीट बंटवारे को लेकर हाल के दिनों में दोनों दलों के नेताओं के बीच मतभेद सामने आए हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से पांच उम्मीदवारों की घोषणा और कांग्रेस के नेताओं की प्रतिक्रिया के बाद गठबंधन में सीटों को लेकर चर्चा तेज हो गई थी। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने सीटों की संख्या को लेकर अपनी अपेक्षाएं सार्वजनिक की थीं।
सूत्रों के अनुसार, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को शुरुआती तौर पर 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस अधिक सीटों की मांग कर रही है। इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है और शुक्रवार को भी बैठक होने की खबर है।
खड़गे ने पार्टी नेताओं से गठबंधन की रणनीति को कमजोर करने वाली बयानबाजी से बचने की अपील करते हुए कहा कि चुनावी सफलता के लिए आपसी समन्वय जरूरी है। उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन की मजबूती और सीटों का अंतिम बंटवारा आगामी चुनाव की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
















