चार दिवसीय नेटबॉल प्रशिक्षण शिविर संपन्न, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

  • Post By Admin on Jun 13 2026
चार दिवसीय नेटबॉल प्रशिक्षण शिविर संपन्न, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

मुजफ्फरपुर : युवा खिलाड़ियों में खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित चार दिवसीय सीनियर बालक-बालिका नेटबॉल प्रशिक्षण एवं चयन शिविर का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। सोशल वर्कर फॉर वुमन इम्पावरमेंट संस्था द्वारा मुखर्जी सेमिनरी स्कूल परिसर में आयोजित इस शिविर में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

शिविर का आयोजन खिलाड़ियों को नेटबॉल खेल के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करने के साथ-साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से किया गया था। चार दिनों तक चले प्रशिक्षण कार्यक्रम में खिलाड़ियों को खेल की तकनीकी बारीकियों, अनुशासन और टीम भावना की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ियों को संस्था की ओर से मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों के लिए शाम के नाश्ते की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम में संस्था की संयोजक बबली कुमारी, रानू गुप्ता, बिमला गुप्ता, सुमिता प्रकाश, राहुल निराला, राजीव मल्लिक, गौतम तथा खेल विभाग से बाल मुकुंद उपस्थित रहे। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर बच्चों और युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ाने, खेल संस्कृति को मजबूत करने और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से युवा अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम वर्क जैसे गुण विकसित कर अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकते हैं। कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन, सम्मान समारोह और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया गया।