हिन्दू नववर्ष के उपलक्ष में राम राज परिवार निकालेगा भव्य शोभायात्रा
- Post By Admin on Apr 06 2024

रायपुर : हिन्दू नववर्ष के उपलक्ष्य में राजधानी रायपुर में 8 अप्रैल को शाम 5 बजे राम राज परिवार बुढ़ापारा रायपुर के सौजन्य से विशाल शोभा यात्रा का आयोजन किया गया है। शोभायात्रा में 7 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल होंगे। उक्त जानकारी प्रेस क्लब रायपुर में आयोजित पत्रकारवार्ता में संस्था के अध्यक्ष अजय गवली एवं संयोजक प्रदीप साहू ने संयुक्त रूप से दी। पत्रकारवार्ता में साहू ने बताया कि शोभायात्रा सोमवार को शाम 5 बजे सप्रे शाला मैदान से सिटी कोतवाली, सदर बाजार, सत्तीबाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती होते हुए बुढ़ेश्वर मंदिर में समाप्त होगी। नववर्ष को आकर्षक बनाने के लिए महाराष्ट्र का ढोल, बनारस का डमरू ढोल, ओडि़सा का सम्बलपुरी मशहूर बाजा, छत्तीसगढ़ के संस्कृति के अनुरूप राउत नाचा, पंथी नृत्य, सुआ नृत्य एवं राजधानी के प्रमुख अखाड़ा, डीजे धूमाल, हाथी घोड़े से सजी झांकी एवं राम दरबार की मनमोहक झांकी शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण होगी। शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के लिए भगवान राम की मिट्टी से निर्मित 15 फीट की मूर्ति तैयार करवाई जा रही है। शोभायात्रा के समापन के पश्चात उक्त भगवान श्रीराम की मूर्ति का महादेव में विसर्जन किया जाएगा। शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन एवं एम्बुलेंस की विशेष रूप से व्यवस्था रहेगी।